आजमगढ़ श्रावण के प्रथम सोमवार पर बाबा भंवरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर आजमगढ़ के प्रसिद्ध बाबा भंवरनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंदिर परिसर की सुरक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जा रही है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया है, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। वहीं, भक्तों के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा भंवरनाथ मंदिर की प्राचीन मान्यता है और यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद अवश्य पूरी होती है। यही कारण है कि विशेषकर श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को यहां भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ता है। श्रावण के प्रथम सोमवार पर बाबा भंवरनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धा और आस्था ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यह मंदिर पूर्वांचल के प्रमुख शिवधामों में अपनी विशेष पहचान रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *