आजमगढ़ में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव का भाजपा पर तीखा हमला, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के पीडीए भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने युवाओं को हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन 12 साल बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, काला धन वापस लाने और प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये आने जैसे चुनावी वादों को भी अधूरा बताया।सांसद ने हाल के छात्र आंदोलनों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलनकारी युवाओं पर मुकदमे दर्ज न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों में छात्रों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने युवाओं से भाजपा के वादों पर भरोसा न करने की अपील की।धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र में 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश में करीब साढ़े नौ वर्ष के शासन के बाद जनता सरकार से पूरी तरह निराश है। उनका दावा था कि किसानों, युवाओं और आम लोगों में सरकार के खिलाफ व्यापक आक्रोश है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सपा सांसद ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा, निर्माण कार्यों और जल जीवन मिशन से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका आरोप था कि यदि जल जीवन मिशन की ईमानदारी से जांच कराई जाए तो यह देश का सबसे बड़ा घोटाला साबित हो सकता है।उन्होंने एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उद्घाटन के कुछ समय बाद ही कई परियोजनाओं की स्थिति खराब हो रही है। उनके अनुसार विकास कार्यों को सरकार ने “लूट का माध्यम” बना दिया है।दुष्कर्म की घटनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में धर्मेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर पीड़ित के साथ खड़ी है और आगे भी सदन से लेकर सड़क तक न्याय की लड़ाई लड़ती रहेगी।प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार सरकार की नीयत का परिणाम है और सत्ता में बैठे लोग केवल लूट की मानसिकता से काम कर रहे हैं, जिसके कारण लगातार भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *