

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।जनपद के मेहनगर थाना क्षेत्र के ठोठिया गांव में पुरानी जमीन की रंजिश को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे, सरिया, गड़ासा और भाले चलने लगे। घटना में कुल नौ लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।आरोप है कि सत्येंद्र यादव अपने समर्थकों के साथ बृजनाथ यादव के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।हमले में बृजनाथ यादव (70), रामचल (45), कल्लन (68), उदीप नारायण (28) और राम प्यारे यादव (47) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे संदीप (30), गीता देवी (50), शशिकला (47), रीता (45) और 10 वर्षीय बच्ची परी भी चोटिल हो गईं।सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राम प्यारे यादव की हालत नाजुक देखते हुए पहले जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मेहनगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
