

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सुक्खीपुर (पहिया बुजुर्ग) गांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुक्खीपुर (पहिया बुजुर्ग) निवासी अनुराग यादव (18) पुत्र भीम यादव बुधवार शाम करीब आठ बजे खेत की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान वह खेत में मौजूद खुले विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे अतरौलिया के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अनुराग ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और जय मंगल यादव इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। वह जुड़वा भाइयों में बड़ा था। परिवार में उसका छोटा भाई अभिषेक यादव और बहन आराध्य हैं। पिता भीम यादव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। युवा छात्र की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
