



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन बांस के डंडे भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को ग्राम अमौड़ा में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडों से मारपीट हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दोनों पक्ष आपस में भिड़े हुए थे। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। मामले में थाना गम्भीरपुर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गम्भीरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उमरीश्री पुलिया के पास से मामले में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शमसु, अबुशाद, अमन, अनिल और अंगद शामिल हैं, जो सभी ग्राम अमौड़ा के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन बांस के डंडे भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
