

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ अतरौलिया थाना के पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को थाना अतरौलिया परिसर में 32 पुलिस आवासों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत कराई। करीब 11 करोड़ 48 लाख 94 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इन आवासों का निर्माण कार्य बी-टाइप श्रेणी में कराया जाएगा। निर्माण की जिम्मेदारी एके इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। वहीं थाना परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण अलग कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल द्वारा कराया जाएगा।भूमि पूजन के बाद एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि थाना अतरौलिया में पुलिसकर्मियों के लिए 32 आवासों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन आवासों में दो बेडरूम, ड्राइंग रूम, डाइनिंग रूम, किचन तथा बालकनी की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिलने से उनके कार्य निष्पादन में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और वे आमजन की सेवा में अधिक तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह, थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे, अधिशासी अभियंता कमलेश कुमार मिश्रा, अखंड प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान सोनू सिंह, गणेश दत्त दुबे, देवनारायण मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
