

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि विपक्षियों ने सुनियोजित साजिश के तहत जानलेवा हमला कर युवक को बुरी तरह घायल कर दिया। मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा गया है।शेखूपुर निवासी सुबाष यादव पुत्र कन्हई यादव ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी भूमिधरी जमीन पर विपक्षी पक्ष कथित रूप से अवैध निर्माण और कब्जे का प्रयास कर रहा था। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 16 जून 2026 की सुबह करीब साढ़े दस बजे जमीन पर हो रहे कब्जे को रोकने पहुंचा तो कुछ दबंग लोग अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।पीड़ित पक्ष के अनुसार हमले में इन्द्रकेश यादव के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं तथा उसकी चेस्ट की हड्डी भी टूट गई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस सहायता नंबर 112 पर सूचना दी गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मंडलीय चिकित्सालय आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।सुबाष यादव का आरोप है कि घटना की जानकारी स्थानीय थाना मेहनगर को देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, पुलिस द्वारा घायल पक्ष के घर पर दबिश देने को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया है। उनका कहना है कि उस समय परिवार के सदस्य अस्पताल में उपचार करा रहे थे।पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
