

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अशोक यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर समाजवादी पार्टी में टूट का झूठा नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर के माध्यम से भाजपा समाजवादी पार्टी के भीतर विभाजन की कहानी गढ़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे मुख्य रूप से “साइकोलॉजिकल वॉरफेयर” की रणनीति काम कर रही है, जिसके तहत विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल ऐसी बातों से प्रभावित नहीं होगा।अशोक यादव ने भाजपा पर “डायवर्जन पॉलिटिक्स” करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाजवादी पार्टी में टूट की चर्चा को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिरों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास किया जा रहा है। सपा प्रवक्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे जोश और उत्साह के साथ आगामी चुनावों की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता, नौजवान, किसान, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग भाजपा सरकार से निराश हैं और बदलाव का मन बना चुके हैं।उन्होंने कहा कि पीडीए पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक समाज अपने अधिकारों और आरक्षण की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है तथा आगामी चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प ले चुका है।
