देवगांव में दर्दनाक हादसा: जामिया फैज-ए-आम की स्कूल बस पलटी, 9 वर्षीय छात्र की मौत कई बच्चे घायल

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जामिया फैज-ए- आम,देवगांव की स्कूल बस पलट गई। हादसे में 9 वर्षीय छात्र युनूस बेलाल खान की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, स्कूल बस बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसही मोड़ तिराहे के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में बैठे बच्चे चीख-पुकार मचाते हुए सीटों से उछल पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युनूस बेलाल खान, निवासी बनारसपुर गांव, को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटी बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। घायल अन्य बच्चों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ बच्चों को निगरानी में रखा गया है।क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर चालक का नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *