

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मोहम्मदपुर-फरिहा मार्ग पर अमोड़ा टोल नाके द्वारा लगाए गए कथित अवैध बैरियर को प्रशासन ने हटा दिया है। इस बैरियर के कारण स्थानीय लोगों, किसानों, व्यापारियों, स्कूली वाहनों और मालवाहक ट्रकों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।क्षेत्रीय जनता ने अपनी समस्या को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के समक्ष रखा। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी, मंडलायुक्त समेत संबंधित अधिकारियों से वार्ता की और शासन स्तर तक मुद्दा पहुंचाया।मंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मार्ग पर लगाए गए बैरियर को हटवा दिया। बैरियर हटने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, व्यापारियों और वाहन चालकों का कहना है कि अब स्कूली बसों, एम्बुलेंसों तथा मालवाहक वाहनों का आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए दारा सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है। वहीं राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जनसमस्याओं के समाधान में उनकी सक्रियता से जनता को राहत मिली है।
