


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के अतरौलिया क्षेत्र में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्माने लगा है। देवदीह स्थित प्राचीन शिवालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने क्षेत्रीय विकास कार्यों का जिक्र करते हुए विधायक संग्राम यादव पर तीखा निशाना साधा।अरुण राजभर ने दावा किया कि देवदीह शिवालय में पिछले 15 वर्षों से लंबित हाईमास्ट लाइट की समस्या को उनकी पहल पर मात्र चार दिनों में दूर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को लेकर जनता लंबे समय से परेशान थी, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “यह तो अभी छोटा सा ट्रेलर है, पूरी तस्वीर अभी बाकी है।” साथ ही अहरौला-कप्तानगंज और सिकंदरपुर-नारियाव मार्ग के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने यह भी बताया कि सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर अतरौलिया में आवास बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। अरुण राजभर के बयान और विधायक संग्राम यादव पर लगाए गए आरोप अब क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का विषय बन गए हैं, जिससे 2027 के चुनावी समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
