गूगल मैप के भरोसे संकरी गली में घुसा ट्रेलर, कई दुकानें और मकानों के बारजे क्षतिग्रस्त

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए एक भारी ट्रेलर ट्रक संकरी गली में घुस गया, जिससे कई दुकानों और मकानों को नुकसान पहुंचा। घटना कस्बे के वीआईपी सड़क क्षेत्र की बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक बाहरी क्षेत्र का था और रास्ता तलाशने के लिए गूगल मैप का सहारा ले रहा था। मैप द्वारा सुझाए गए मार्ग पर चलते हुए वह वीआईपी सड़क से जुड़ी एक संकरी गली में पहुंच गया। गली की चौड़ाई कम होने के कारण ट्रेलर कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद फंस गया।ट्रेलर को निकालने के दौरान सड़क किनारे स्थित कई दुकानों के बारजे, टीन शेड और साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ मकानों के बाहरी हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और दुकानदारों की भीड़ जुट गई। ट्रक के फंसने से क्षेत्र में कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।सूचना मिलने पर निजामाबाद थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक और चालक को अपने कब्जे में ले लिया। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर को गली से बाहर निकाला गया और थाने भेज दिया गया।घटना से नाराज दुकानदारों ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट चेतावनी बोर्ड और बैरियर लगाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *