




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र में हुई 3.22 लाख रुपये की झपटमारी की घटना का पुलिस ने आधुनिक तकनीक की मदद से सफल अनावरण कर दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के यक्ष (YAKSH) ऐप, फेस रिकग्निशन तकनीक, सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो विश्लेषण के जरिए पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.56 लाख रुपये नकद, अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।आपको बता दे की 1 जून 2026 को शराब दुकान के सेल्समैन राजपति यादव 3,22,060 रुपये लेकर आजमगढ़ जा रहे थे। बरदह क्षेत्र में एक अज्ञात बाइक सवार ने खुद को आजमगढ़ जाने वाला बताकर उन्हें बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में विश्वास जीतकर उसने रुपये से भरा बैग अपने कब्जे में लिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर बरदह पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में मिले संदिग्ध के फोटो को यक्ष ऐप के अपराधी डेटाबेस से मिलाया गया। फेस रिकग्निशन, ऑडियो विश्लेषण और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान राजेश चौहान (45 वर्ष), निवासी सतमिश्रा, थाना चंदवक, जनपद जौनपुर के रूप में की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 2.56 लाख रुपये नकद, एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर की होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल बरामद हुई।
