



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। झपटमारी की घटना में वांछित आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।पुलिस के अनुसार, 23 मई को बिलरियागंज क्षेत्र में महिला से बैग और मोबाइल झपटमारी की घटना हुई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस टीम नसीरपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी काली पल्सर बाइक से आने वाले हैं।घेराबंदी के दौरान बाइक सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फुजैल अहमद निवासी बिलरियागंज के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पहले सीएचसी बिलरियागंज और फिर जिला अस्पताल भेजा गया।मौके से पुलिस ने एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, झपटमारी के ₹9800 नगद, मोबाइल फोन, लेडीज बैग और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस ने बताया कि आरोपी फुजैल अहमद पर पहले से चोरी, लूट और अन्य मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
