



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हाईडिल चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य सह अभियुक्तों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, 22 मई को पीड़िता ने थाना सिधारी में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि ग्राम जमालपुर निवासी अशोक कुमार यादव ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अन्य लोगों ने आरोपी का सहयोग किया। मामले में थाना सिधारी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को उपनिरीक्षक धर्मराज यादव एवं पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अशोक कुमार यादव को हाईडिल चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है, जबकि मामले की विवेचना और अन्य आरोपियों मंगलदीप पुत्र भीमा यादव निवासी धनहुआ थाना जहानागंज और उसके पिता भीमा यादव निवासी धनहुआ थाना जहानागंज की तलाश जारी है।सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ जबरन अवैध संबंध बनाए गए। महिला से जुड़े अपराध की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और थाना सिधारी में त्वरित मुकदमा पंजीकृत किया गया। नियमानुसार पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।*बाइट : शुभम तोदी, सीओ सिटी*आपको बता दें कि मुख्य आरोपी अशोक यादव जिला महिला अस्पताल में NHM के तहत संविदा पर स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत है। वहीं पीड़िता भी इसी अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है।इस संबंध में जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनय सिंह ने बताया कि आरोपी पिछले लगभग 3-4 वर्षों से अस्पताल में संविदा पर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। अस्पताल परिसर या कार्यालय के भीतर ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है और न ही पहले कोई शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी या गांव के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।सीएमएस ने बताया कि पूरे मामले की सूचना सीएमओ कार्यालय को भेज दी गई है। चूंकि संविदा कर्मियों का चयन राज्य स्तर से होता है, इसलिए NHM की गाइडलाइंस के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
