




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष बबिता चौहान के नेतृत्व में सर पर गैस सिलेंडर उठाकर मंगलवार को महिलाओं की विभिन्न समस्याओं, बढ़ती महंगाई और जनविरोधी नीतियों के विरोध में महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।ज्ञापन में कहा गया कि देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। सोना, चांदी, गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब, पिछड़े, दलित एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग भी उठाई गई।महिला सभा की पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, उत्पीड़न और शोषण की घटनाएं चिंता का विषय हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।ज्ञापन में भाजपा सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा गया कि बढ़ती महंगाई और अन्य समस्याओं के कारण आम जनता में आक्रोश व्याप्त है। समाजवादी महिला सभा ने मांग की कि सरकार तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाकर महिलाओं, गरीबों, पिछड़ों और दलित वर्ग को राहत एवं न्याय प्रदान करे।इस दौरान प्रदेश सचिव दोपती पाण्डेय, सविता, मीनू भारती, गीता गिरी, किरन वर्मा, सुषमा चौहान, साधना, इन्द्रावती समेत अन्य महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
