



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट सभागार मे जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।समीक्षा बैठक में आशाओं के वेतन भुगतान संबंधित पीपीटी में तथ्यों को छुपाने पर नेशनल हेल्थ मिशन के प्रोग्राम ऑफिसर डीपीएम का वेतन रोकने के लिए जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में माह में केवल तीन डिलीवरी होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि माह में कम से कम 15 संस्थागत प्रसव सुनिश्चित हो। मेहनगर एमओआईसी की शिकायत मिलने पर उन्हें अन्यत्र सीएचसी में स्थानांतरित करने का निर्देश डीएम ने दिया। शासन के मंशानुरूप माँ व बच्चों के स्वास्थ्य को अच्छा रखने की प्रतिबद्धता के क्रम में जिलाधिकारी ने टीकाकरण पर विशेष बल दिया। जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि 100 दिवसीय टीबी अभियान के क्रम में 24 मार्च से लेकर 1 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाए जा रहा है, जिसके माध्यम से टीबी रोग के लक्षण सस्पेक्टेड व्यक्तियों को चिन्हित कर प्रॉपर तरीके से जांच कर उपचार किया जा रहा है तथा पहले से चिन्हित टीवी मरीजों को समय-समय पर पोषण पोटली वितरित किया जा रहा है।आयुष्मान भारत अभियान में बची हुयी आशा, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित एमओआईसी व सीडीपीओ को निर्देशित किया कि 01 मई को 10 बजे से अभियान चलाकर कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जन औषधि केंद्रों में उपलब्ध दवाओं की सूची को बाहर लगाया जाए। सभी डॉक्टर बाहर की दवाई कदापि न लिखे, जो जन औषधि केंद्र में उपलब्ध है, वही लिखे।भीषण गर्मी में लू से बचाव व राहत की तैयारी के क्रम में समस्त सीएचसी, पीएचसी में आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए कोल्ड रूम में बेड सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। आयुष्मान गोल्डेन कार्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर गोल्डेन कार्ड बनाने में तेजी लाएं।आशाओं के भुगतान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नियमानुसार आशाओं का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि कार्य न करने वाली आशाओं को हटाकर उनकी जगह दूसरी आशा की नियुक्ति करें। टीकाकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शत प्रतिशत टीकाकरण कराते हुए यू-विन पोर्टल पर फीड करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि एमआर-1 एवं एमआर-2 टीकाकरण के कवरेज की प्रगति बढ़ायें एवं शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें तथा उसको डाटा यू-विन पोर्टल पर भी फीड करें। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में टीकाकरण की प्रगति बेहद खराब है, उन क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होने कहा कि पम्पलेट बनाकर किस स्थान पर एवं किस दिन एमआर-1 एवं एमआर-2 का टीका लगाया जायेगा, इसका प्रचार-प्रसार करायें। इसके साथ ही प्रधान, कोटेदार एवं स्कूलों तथा सोशल मीडिया पर भी टीका लगाये जाने के दिन व स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार करायें। उन्होने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर टीकाकरण की प्रगति बढ़ायें।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कराते हुए शत प्रतिशत डाटा एचएमआईएस पोर्टल पर फीडिंग कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में एनीमिया से ग्रसित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन करते हुए उनमें आयरन की गोली वितरित करें। इसके साथ ही उन्होने निर्देश दिया कि जहां पर संस्थागत प्रसव की प्रगति कम है, वहां आशाओं के माध्यम से संस्थागत प्रसव की प्रगति बढ़ायें। एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समस्त एमओआईसी को निर्देश दिया कि सीएचओ के साथ बैठक कर स्क्रीनिंग की प्रगति बढ़ाते हुए ई-कवच पोर्टल पर डाटा फीड करायें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि डॉयल 102 एवं 108 एम्बूलेंस की रिस्पॉन्स टाइम को बढ़ायी जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन योजनाओं की प्रगति स्टेट एवरेज से कम है, उस पर विशेष दें एवं प्रगति बढ़ाते हुए शत प्रतिशत डाटा पोर्टल पर फीड करायें।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने परिवार नियोजन, संजीवनी ओपीडी, एनसीडी कैम्पेन, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, यूनिसेफ के कार्यक्रमों आदि की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा, एसआईसी जिला अस्पताल आजमगढ़, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अजीज अंसारी, डॉ उमाशरण पांडेय, सीएमएस जिला महिला अस्पताल आजमगढ़ सहित समस्त एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
