



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को जब्त किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण में की गई।मामला थाना दीदारगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 319/25 से जुड़ा है, जिसकी विवेचना साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान सामने आया कि अभियुक्त विकास सिंह उर्फ “नरवे” पुत्र नरसिंह, निवासी ग्राम नरवे (थाना दीदारगंज/बरदह, जनपद आजमगढ़) ने अवैध कारोबार से अर्जित धन से संपत्तियां खड़ी की थीं।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने पैतृक गांव में लगभग ₹27.25 लाख की लागत से मकान बनवाया था। इसके अलावा लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित शालीमार वन वर्ल्ड परियोजना में एक फ्लैट बुक कराया गया था, जिसमें करीब ₹23.64 लाख अग्रिम जमा किए गए थे।इन तथ्यों के आधार पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित संपत्तियों को फ्रीज/जब्त कर लिया गया। सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली द्वारा सुनवाई के बाद जब्तीकरण का आदेश जारी किया गया।पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आईटी एक्ट, जुआ अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।इस कार्रवाई के तहत जब्त संपत्तियों में गांव का मकान और लखनऊ में फ्लैट बुकिंग की राशि शामिल है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
