आजमगढ़: लापता अमीन की मौत का खुलासा न होने पर परिजनों का अल्टीमेटम, 72 घंटे में कार्रवाई नहीं तो धरना

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तहसील सदर में तैनात अमीन सुरेश उपाध्याय की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब तक खुलासा न होने पर परिजनों और अमीन संघ में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।ज्ञापन में बताया गया कि सुरेश उपाध्याय 17 जनवरी 2026 की सुबह अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे और तहसील सदर में सीसीटीवी में उनकी उपस्थिति दर्ज हुई, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। उनका मोबाइल भी बंद हो गया था। बाद में 20 जनवरी की शाम को सिधारी थाना क्षेत्र में एक सरसों के खेत से उनका शव बरामद हुआ।परिजनों का आरोप है कि घटना के तीन महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन केवल विसरा रिपोर्ट का हवाला देकर मामले को टाल रहा है। अभी तक न तो घटना का खुलासा हुआ है और न ही किसी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की गई है।ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो परिवारजन और अमीन संघ के कर्मचारी मिलकर बड़ा धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *