


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ । जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अतरौलिया थाना क्षेत्र में अतरैठ, लोहरा और बढ्या में नवनिर्मित तीन पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया। सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित इन चौकियों से अब अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।उद्घाटन के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव और जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों और पूर्व पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही चौकीदारों को सीटी, डोरी और टॉर्च वितरित कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।इसके अलावा एसएसपी ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और सशक्तिकरण के बारे में जागरूक किया गया तथा उन्हें शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई।इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
