
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में अपहरण कर जबरन जमीन का बैनामा कराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, ग्राम लछेहरा पोस्ट मेहमौनी निवासी विष्णु यादव ने 8 फरवरी 2026 को थाना कप्तानगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 19 जनवरी 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे जब वह घर से मेहमौनी जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने घर ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि आधार कार्ड लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी करीब 8 बिस्वा जमीन मात्र दो लाख रुपये में जबरन बैनामा करा लिया गया।बताया गया कि उक्त धनराशि वादी के एसबीआई खाते में ट्रांसफर की गई, साथ ही डेढ़ लाख रुपये का फर्जी चेक भी दिया गया। विरोध करने पर वादी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।इस संबंध में पुलिस ने मु0अ0सं0 41/2026 धारा 140(1), 127(2), 351(3), 352 बीएनएस व 138 एनआई एक्ट के तहत जय प्रकाश यादव उर्फ गोलई तथा गुड्डू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी23 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक ओम प्रकाश दूबे ने हमराहियों के साथ मुखबिर की सूचना पर गुड्डू यादव (40 वर्ष) निवासी ग्राम कादीपुर हरिकेश को मेहमौनी भितरी मार्ग स्थित मंदिर के पास से सुबह करीब 9:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
