


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में रविवार शाम करीब 6 बजे एक टैम्पू चालक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए भेजा गया है।आपको बता दे की सिंहपुर निवासी श्याम नरायन मौर्या अपनी टैम्पू से चकिया बाजार से घर लौट रहे थे। रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोककर पीछा करने का आरोप लगाया, जिस पर चालक ने इंकार करते हुए आगे बढ़ गए।आरोप है कि कुछ देर बाद सिंहपुर ग्राम सभा स्थित मस्जिद के पास, सतीश दूबे के घर के पास, रमेश यादव उर्फ अनार यादव निवासी सिंहपुर मोटरसाइकिल से पहुंचा और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। बचाव के दौरान गोली श्याम नरायन के बाएं हाथ (कंधे के नीचे) में लग गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को थाने लाकर आवश्यक कार्रवाई की। घायल की तहरीर पर थाना तरवां में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
