


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अजमतगढ़ क्षेत्र में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब 25 वर्षीय युवक टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और युवक को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक मान-मनौव्वल करता रहा।अजमतगढ़ वार्ड नंबर-11 निवासी अजीम पुत्र असगर (25) शनिवार सुबह करीब सात बजे घर से निकला और टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि अजीम का एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के परिजनों की सहमति नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था।बताया गया कि कुछ समय पहले अजीम ने कथित तौर पर युवती और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज की थी। इसके बाद युवती ने अजमतगढ़ पुलिस चौकी में शिकायत की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाकर समझाया था, जिसके बाद मामला शांत हो गया था।शनिवार सुबह टावर पर चढ़ने के बाद युवक काफी आक्रोशित नजर आया। वह गाली-गलौज करते हुए अपने पैसे हड़पने और उसे फंसाने का आरोप लगा रहा था। पुलिस ने उसे काफी देर तक समझाने का प्रयास किया।काफी प्रयास के बाद जब प्रेमिका मौके पर पहुंची तो युवक उसे देखकर टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को जीयनपुर थाने ले गई, जहां पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
