


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में रविवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पहली किस्त की अनुदान राशि भेजी गई।कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में मुख्य राजस्व अधिकारी/पीडी डूडा संजीव ओझा और परियोजना अधिकारी डूडा/अपर मजिस्ट्रेट संजय चावला की मौजूदगी में लाभार्थियों ने कार्यक्रम का प्रसारण देखा और सुना। जनपद में कुल 553 लाभार्थियों के खातों में एक-एक लाख रुपये की पहली किस्त भेजी गई, साथ ही उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर गरीब को अपना पक्का मकान दिलाने का लक्ष्य लेकर सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकारें बेहतर सोच के साथ लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं और आज प्रदेश के 90 हजार परिवार पीएम आवास योजना (शहरी 2.0) से लाभान्वित हो रहे हैं।मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने बताया कि योजना के तहत शहरी क्षेत्रों के कमजोर और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दरों पर आवास निर्माण या खरीद के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। इस योजना में कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है—पहली किस्त 1 लाख, दूसरी किस्त 1 लाख और तीसरी किस्त 50 हजार रुपये।उन्होंने यह भी बताया कि जिन लाभार्थियों द्वारा 12 माह या उससे कम समय में आवास निर्माण पूरा किया जाता है, उन्हें सरकार की ओर से प्रोत्साहन स्वरूप 10 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाती है।कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
