


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को पुलिस ने राहत दिलाई है। कोतवाली थाने की साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के खाते से कटे 48 हजार रुपये वापस करा दिए गए।जानकारी के अनुसार सिविल लाइन निवासी आदर्श पुत्र राम सिंह ने कोतवाली थाने में स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दी कि उसके क्रेडिट कार्ड से बिना उसकी जानकारी के लगभग 48 हजार रुपये की धनराशि कट गई है।शिकायत मिलने के बाद कोतवाली साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित बैंक व पोर्टल से संपर्क कर धनराशि को होल्ड कराया। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस ने पूरी 48 हजार रुपये की रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी।पैसे वापस मिलने पर पीड़ित आदर्श ने आजमगढ़ पुलिस का आभार जताया। वहीं पुलिस ने लोगों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर फ्रॉड की घटना होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं, साथ ही नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क को सूचना दें।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, कांस्टेबल नीरज कुमार और कांस्टेबल अभय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
