आजमगढ़ करोड़ों की जमीन ठगी का मास्टरमाइंड कृष्णचंद्र राय गिरफ्तार, गैंग में पत्नी-बेटा भी शामिल

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा करते हुए गैंगेस्टर और हिस्ट्रीशीटर कृष्णचन्द्र राय को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को अजमतपुर-कोडर क्षेत्र से हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार कृष्णचन्द्र राय अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों को जमीन बेचने का झांसा देता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 13 मामलों में अब तक करीब 2 करोड़ 87 लाख रुपये की ठगी की है।प्रकरण में वादी रूद्रान्श राय ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने कोडर अजमतपुर स्थित जमीन दिखाकर करीब 33 लाख 30 हजार रुपये ले लिए, लेकिन बाद में जमीन का कब्जा नहीं दिया। जांच के दौरान पता चला कि दिखाई गई जमीन का अधिकांश हिस्सा बंजर भूमि है और कई गाटा संख्या उस स्थान से संबंधित ही नहीं हैं।पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लोगों को भरोसे में लेने के लिए राजस्व अभिलेखों का फर्जी नक्शा-नजरी तैयार कर उस पर राजस्व निरीक्षक और तहसीलदार की नकली मुहर व हस्ताक्षर भी लगाए थे। जब पीड़ित ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह में आरोपी की पत्नी रेनू राय और पुत्र संगम राय भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार कृष्णचन्द्र राय के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडे, निरीक्षक अपराध रफी आलम, स्वॉट टीम प्रभारी उप निरीक्षक संजय सिंह, उप निरीक्षक रविंद्र कुमार यादव, महिला उप निरीक्षक शशि सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र चौधरी और कांस्टेबल राजन कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *