


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित लू (हीट वेव) को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने आम नागरिकों के लिए विस्तृत स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी करते हुए सभी से सावधानी बरतने की अपील की है। सीएमओ ने बताया कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी प्रमुख चिकित्सा संस्थानों—मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, 100 शैय्या अस्पतालों सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर विशेष “कूल वार्ड” स्थापित किए गए हैं। इन वार्डों में दवाएं, पेयजल, शीतलन व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लू, तेज गर्मी या अस्वस्थता के लक्षण महसूस हों, तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करे, जहां तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
अफवाहों से बचने की अपील सीएमओ ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और अतिरंजित सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आमजन केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। गर्मी से बचाव के लिए नियमित रूप से पानी, ओआरएस, छाछ, लस्सी और नींबू पानी का सेवन करें। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को ढककर रखें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें। तेज धूप में अनावश्यक बाहर न निकलें, खाली पेट घर से न जाएं और अत्यधिक तैलीय व मसालेदार भोजन से बचें। शराब, कैफीन और अत्यधिक ठंडे पेय का सेवन न करें। बंद वाहन में बच्चों या पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। सीएमओ ने बताया कि हीट वेव से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और सभी चिकित्सा इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अंत में उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें, जरूरी सावधानियां अपनाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
