


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे की पाइप और लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी 2026 की शाम लगभग छह बजे मोहल्ला अलीनगर निवासी सुमन देवी पत्नी सत्यनारायण गोंड अपने घर के बाहर खड़ी होकर अपनी सास से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान जमीन पर लोन लेने की बात को लेकर उनकी देवरानी रूना देवी पत्नी विनोद गोंड गाली-गलौज करने लगीं। विरोध करने पर आरोप है कि रूना देवी सहित अन्य लोगों ने एक राय होकर सुमन देवी, उनके पति सत्यनारायण गोंड तथा पुत्र सर्वजीत व अर्पित पर लाठी-डंडे, लोहे की पाइप और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सभी को गंभीर चोटें आईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई।इस संबंध में थाना मुबारकपुर पर मु0अ0सं0 74/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) व 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक कमला सिंह यादव द्वारा की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अलीनगर स्थित घर पर दबिश देकर रूना देवी पत्नी विनोद गोंड और मुस्कान उर्फ रोली पुत्री विनोद गोंड को गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया। अभियुक्ताओं की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी, एक लोहे की पाइप और एक लकड़ी का डंडा बरामद किया गया।
