होली व रमजान को लेकर आजमगढ़ में फ्लैग मार्च, डीआईजी व एसएसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से शुरू होकर महिला अस्पताल, बेस्ली, चौक, चकिया, पहाड़पुर सहित अन्य घनी आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान कोतवाली पुलिस के साथ पीएसी बल भी मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित अन्य अधिकारी, महिला पुलिस बल और पीएसी के जवान मौजूद रहे।पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर होली और रमजान के दौरान आपसी भाईचारा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा।जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोनों पावन अवसरों को शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *