
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में प्रशासन ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ रखा है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में बीते दो महीनों के भीतर 113 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। इस लगातार चल रही कार्रवाई से जिले में सक्रिय अपराधियों में खलबली मच गई है और अपराध जगत में प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई देने लगी है। प्रशासन द्वारा चिन्हित किए गए संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों के खिलाफ सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की जा रही है। इसमें ऐसे अपराधियों को शामिल किया गया है जो लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं और जिनके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा हैं कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिले को संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है और संगठित अपराध पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में कार्रवाई तेज की गई है। गैंगस्टर की कार्रवाई के साथ-साथ अपराधियों की संपत्तियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रखने की तैयारी की जा रही है।
