
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।जनपद के थाना महराजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए हैं।बता दे की थाना महराजगंज पुलिस देर रात क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ गोतस्कर अहरिगांव नहर पुलिया के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अबु जैद, अनिल नोना और अब्दुला के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चापड़, चाकू, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुनसान इलाकों में गोवंश को ले जाकर अवैध वध कर मांस की तस्करी करते थे और सबूत मिटाने के लिए अवशेष नदी-नालों में फेंक देते थे।पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ गोवध, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
