22 फरवरी को प्रस्तावित मेगा विधिक एवं कल्याणकारी शिविर को लेकर तहसील सदर में जागरूकता शिविर आयोजित

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद स्तर पर 22 फरवरी, 2026 को आायोजित होने वाले वृहद/मेगा शिविर को दृष्टिगत रखते हुए बुधवार को सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिका राजन की अध्यक्षता में तहसील सदर में स्थित सभागार में कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सचिव द्वारा बताया गया कि 22 फरवरी, 2026 को जनपद स्तर पर वृहद/मेगा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत निर्बल वर्ग, बच्चों, स्त्रियों, दिव्यांग, वृद्धजन, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति हेतु जनकल्याणकारी योजनाओं का स्टॉल लगाकर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जायेगा। इस मेगा शिविर के पूर्व तहसील स्तर पर, ब्लाक स्तर पर, ग्राम पंचायत स्तर पर समस्त विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं हेतु लघु शिविर का आयोजन कर पात्र व्यक्तियों का चयन किया जा रहा है। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शिविर में उपस्थित महिलाओं को ’’बाल विवाह मुक्त भारत’’ की शपथ दिलायी गयी। सचिव द्वारा शिविर में उपस्थित ऑगनवाडी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं को उनके विधिक अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया तथा 22 फरवरी, 2026 को आयोजित होने वाले वृहद/मेगा कैम्प के प्रचार-प्रसार हेतु दिशा-निर्देश प्रदान किया गया। विवेकानन्द तहसीलदार-सदर द्वारा मेगा/बृहद शिविर के आवश्यक तैयारियों के संबंध में पात्र व्यक्तियों के चयन हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा -निर्देश दिया गया। शिविर में उपस्थित पैनल अधिवक्ता प्रदीप कुमार सिंह द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता से सम्बन्धित जानकारी प्रदान की गयी। लीगल एड डिफेन्स काउंसिल से उपस्थित सदस्य अतुल कुमार राय द्वारा नालसा हेल्पलाईन नं0 15100 के बारे में जानकारी प्रदान की गयी। महिला कल्याण विभाग से उपस्थित पदाधिकारी द्वारा कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, वन स्टॉप सेन्टर पर संचालित सुविधाओं जैसे- पुलिस सहायता, अल्पावास सुविधा, निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श सेवा, चिकित्सा सेवा इत्यादि के बारे में जानकारी प्रदान की गयी। समाज कल्याण विभाग से उपस्थित पदाधिकारी द्वारा समाज कल्याण की योजनाओं जैसे- शादी अनुदान, वृद्धापेंशन, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति हेतु छात्रवृत्ति योजना के बारे में जानकारी प्रदान की गयी।इस मौके पर ऑगनवॉडी कार्यकत्री, क्षेत्रीय महिलाये, आशा बहुएं, तहसील के लेखपाल, पराविधिक स्वयं सेवक इत्यादि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *