अहरौला में सनसनी: मालिक को बचाने दौड़ा पालतू कुत्ता, मनबढ़ों ने मारी दो गोलियां, पुलिस नें दर्ज किया मुकदमा

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अहरौला थाना क्षेत्र के बस्ती भुजबल गांव में सोमवार रात करीब 8 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मनबढ़ युवकों ने एक पालतू कुत्ते को गोली मार दी। घायल कुत्ते को दो गोलियां लगी हैं, जिनमें से एक कान के नीचे से आर-पार हो गई, जबकि दूसरी गोली सीने में फंसी हुई है। फिलहाल कुत्ते का इलाज जिला पशु अस्पताल आजमगढ़ में चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती भुजबल गांव निवासी हृदय नारायण शुक्ला ने अहरौला थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार रात उनका 17 वर्षीय पुत्र ऋषू शुक्ला अपने पालतू कुत्ते को भोजन कराने के बाद घर के बाहर टहला रहा था। इसी दौरान गांव के ही दीपक चौबे और विवेक चौबे अपने एक अन्य कुत्ते के साथ वहां पहुंचे। दूसरे कुत्ते को देखकर ऋषू का कुत्ता भौंकने लगा, जिससे नाराज होकर दोनों युवक ऋषू को गाली देने लगे।जब ऋषू ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। कुत्ता अपने मालिक की रक्षा में आगे आ गया और गोली का शिकार हो गया। एक गोली कुत्ते के कान के नीचे लगी, जबकि दूसरी गोली उसके सीने में जा फंसी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कुत्ते को राजकीय पशु चिकित्सालय अहरौला ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक मौजूद नहीं थे। इसके बाद मंगलवार सुबह हिमांशु शुक्ला व अन्य लोगों ने पुलिस अभिरक्षा में कुत्ते को जिला पशु अस्पताल आजमगढ़ पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सीने में फंसी गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया जाएगा।इस मामले में थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि हृदय नारायण शुक्ला की तहरीर के आधार पर दीपक चौबे और विवेक चौबे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दीपक चौबे पहले भी कई मामलों में आरोपी रह चुका है और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *