मिनरल वाटर प्लांट के नाम पर 32 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी,मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में मिनरल वाटर प्लांट और बोतलबंद पानी के कारोबार में निवेश के नाम पर 32 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।बरदह थाना क्षेत्र के छत्तरपुर गांव निवासी मो. युसुफ पुत्र मकबूल अहमद ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव के ही संदीप गौतम पुत्र किशोरी गौतम ने उसे मिनरल वाटर प्लांट समेत अन्य व्यवसायों में निवेश का झांसा दिया। आरोप है कि संदीप गौतम ने अपने और अपने मित्र लक्ष्मीकांत के बैंक खातों में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 23 लाख 47 हजार रुपये जमा कराए, जबकि 8 लाख 53 हजार रुपये नगद ले लिए। इस तरह कुल 32 लाख रुपये आरोपी ने हड़प लिए।पीड़ित के मुताबिक काफी समय बीत जाने के बाद जब उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। आरोप है कि हाल में फोन पर रुपये मांगने पर आरोपी ने खुद को पत्रकार बताते हुए रकम लौटाने से इनकार कर दिया और झूठे एससी/एसटी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि दोनों के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल में सुरक्षित है।मो. युसुफ ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और आए दिन जान से मारने या गायब कर देने की धमकी देता है, जिससे वह भयभीत है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *