

गौरव श्रीवास्तव, आजमगढ़। जनपद के जिलाधिकारी के ओएसडी शिव कुमार विश्वकर्मा ने नव वर्ष के अवसर पर शनिवार को कैंप कार्यालय के कर्मचारियों के साथ मंडलीय जिला चिकित्सालय में रक्तदान किया। विशेष कार्य अधिकारी शिव कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि प्रत्येक साल नव वर्ष के अवसर पर अपनी टीम के साथ रक्तदान करते हैं उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से बढ़कर कोई दान नहीं है। रक्तदान की महत्वता बताते हुए श्री विश्वकर्मा ने कहा कि इससे हमारे शरीर में नए रक्त का निर्माण होता है तथा नया रक्त पतला होता है जिससे कोशिकाओं में रक्त का प्रवाह भी तेज होता है। उन्होंने कहा कि नए रक्त के निर्माण से बहुत सी बीमारियां अपने आप दूर हो जाती हैं। उन्होंने कहा की वर्तमान जीवन में आदमी को बहुत से तनाव रहते हैं तथा नई-नई बीमारियां जन्म ले रही हैं रक्तदान करने से बहुत सी बीमारियां अपने आप दूर हो जाती हैं। इस अवसर पर ब्लड बैंक के टेक्निकल सुपरवाइजर सुभाष पांडे ने बताया कि जिलाधिकारी के ओएसडी ने कैंप कार्यालय के अपने 11 कर्मचारियों के साथ रक्तदान किया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता है।
