



गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जनपद की पुलिस ने नागरिकों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिसंबर 2025 में जनपद से खोए हुए कुल 221 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 59 लाख रुपये है। गुमशुदा मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज शिकायतों के आधार पर सीसीटीएनएस प्रभारी की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। बरामद सभी मोबाइल फोन आज दिनांक 01 जनवरी 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ में उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए।आपको बता दे कि फरवरी 2024 से चल रहे इस अभियान के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस अब तक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर चुकी है। वर्ष 2025 में कुल 1553 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को लौटाए गए। वहीं, विगत 23 महीनों में कुल 2804 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये है, बरामद कर नागरिकों को सुपुर्द किए जा चुके हैं।
