

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जनपद में नशेबाजी और अराजकता पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे “आपरेशन सड़क पर सुरूर” अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही की गई। इस अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर शराब व अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने वाले कुल 112 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया तथा उनके विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत नियमानुसार कार्यवाही की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने खुलेआम नशेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सामाजिक माहौल को बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि “आपरेशन सड़क पर सुरूर” अभियान का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्यवाही ही नहीं, बल्कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। नशे से होने वाली आर्थिक, शारीरिक, सामाजिक क्षति के साथ-साथ परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में भी लोगों को समझाया जा रहा है।
