जुनेदगंज के पास 6 दिसंबर को हुई रजनीश पांडेय की हत्या के मामले में अभी तक नहीं हुई कार्रवाई पीड़ित परिवार ने डीएम एसपी से लगाई न्याय की गुहार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जुनेदगंज के पास 6 दिसंबर को हुई रजनीश पांडेय की हत्या के मामले में अब पीड़ित परिवार ने न्याय की खुली गुहार लगाई है। मृतक के पिता राधव पांडेय ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या पुराने ज़मीन विवाद और विरोधी पक्ष की दबंगई के चलते की गई। घटना के समय रजनीश पांडेय को करीब 6:30 बजे गोली मार दी गई थी। परिजनों का कहना है कि धमकियों और दबाव की शिकायत पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। दी गई तहरीर पर कोतवाली में नगीना सिंह, इन्द्रसेन सिंह, भीमसेन सिंह, उमेश सिंह और आज़म को नामजद किया गया है, लेकिन परिजनों के मुताबिक कई दिन गुजर जाने के बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार का आरोप है कि इससे वे पूरी तरह असुरक्षित और भय के माहौल में हैं। मृतक की पत्नी, जो जिला महिला चिकित्सालय में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं, गहरे सदमे में हैं और परिजनों ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। राधव पांडेय ने प्रशासन से मांग की है कि दर्ज सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, मृतक की पत्नी को सुरक्षा दी जाए, विवादित भूमि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और पीड़ित परिवार को सरकारी आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। परिजनों ने कहा कि वे न्याय की उम्मीद में प्रशासन की ओर देख रहे हैं और इस गंभीर मामले में जल्द कार्रवाई जरूरी है। आज पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *