एसआईआर प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सपा प्रतिनिधि मंडल ने डीएम से की मुलाकात, जिलाधिकारी ने प्रकिया का पालन करने का दिया आश्वासन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण यानी एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में शत प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है तथा जनपद में अब तक 99.24 प्रतिशत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लेकिन समाजवादी पार्टी ने जिला प्रशासन के इस दावे पर आपत्ति दर्ज कराई है।
शुक्रवार को पार्टी के सपा के प्रतिनिधिमंडल में शामिल जिला अध्यक्ष हवलदार यादव विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, डॉक्टर संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव और पूजा सरोज ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार से मिलकर जिले में चल रहे एसआईआर कार्यक्रम में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि एसआईआर की अंतिम तिथि 11 दिसंबर कर दी गई है। बावजूद इसके बीएलओ स्तर पर अब फॉर्म नहीं भरे जा रहे हैं। जिससे बहुत से वोटर एसआईआर का फॉर्म भर पाने से वंचित रह गए हैं।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि जिला अधिकारी ने समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल से कहा कि 11 दिसंबर तक फॉर्म भरे जाएंगे।
सपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में समय बहुत कम दिया गया जिससे तमाम लोगों के फॉर्म नहीं भरे जा सके भर भी गए तो उसमे काफी त्रुटियां हैं। उन्होंने कहा कि फार्म में ए,बी और सी कैटेगरी है। बड़ी संख्या में लोगों को सी कैटेगरी में रखा गया है। समाजवादी पार्टी को डर है कि सरकार और चुनाव आयोग की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर सी कैटेगरी के लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटाया जा सकता है। सपा जिला अध्यक्ष ने जिला प्रशासन के 99.24 प्रतिशत फार्म अपलोड किए जाने के दावे को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि कहीं 15 प्रतिशत कहीं 14 प्रतिशत फॉर्म अपलोड हुए हैं। मुबारकपुर विधानसभा के बूथ संख्या 136 में 200 फॉर्म ऐसे हैं जो अपलोड नहीं हुए हैं लेकिन उनको ऑनलाइन अपलोड दिखा दिया गया। इस तरह की शिकायत पूरे जनपद में है। समाजवादी पार्टी ने मृत, दोहरे, विलुप्त और बाहर जा बसे मतदाताओं की संख्या 3 लाख से अधिक होने पर भी आपत्ति दर्ज कराई। सपा नेताओं का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर नाम नहीं काटे जाने चाहिए जो भी नाम हटाए गए हैं उनकी सूची हमें भी उपलब्ध कराई जाए जिससे कि हम भी जांच कर सकें। सपा जिला अध्यक्ष का कहना है कि हम अंतिम सूची का इंतजार करेंगे इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। जिला अधिकारी ने समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि एसआईआर प्रक्रिया में नियमों का पूरा पालन किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *