
गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में ‘यातायात माह 2025’ के तहत बुधवार को आजमगढ़ पुलिस ने अग्रसेन चौक पर एक अनोखा और रचनात्मक यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया। इस कार्यक्रम में जनपद की नाटक मंडली के एक कलाकार ने यमराज का रूप धारण कर राहगीरों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। आपको बता दे की अभियान का उद्देश्य लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग की अनिवार्यता, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना था। लोगों ने इस अनोखे प्रदर्शन का आनंद लेते हुए यातायात नियमों के महत्व को गंभीरता से समझा। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी। यातायात पुलिस ने बताया कि इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों तक सुरक्षा संदेश को सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और ‘सुरक्षित आजमगढ़’ बनाने में अपना योगदान दें। इस दौरान वहां पहुंचे एक व्यक्ति से जब यमराज ने पूछा ‘हेलमेट पहन लो भाई, क्या जान से नहीं है प्यार’ तो वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
