
गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। नगरपालिका से सटे आईटीआई के पीछे कृष्णा नगर कालोनी में 25 से 30 घरों में निवास करने वाले लोगों के समक्ष आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। सालों से इस परेशानी से जूझ रहे लोगों ने अपने मकानों पर मकान बिकाऊ है का बैनर लगा दिया है। उन्होंने कई बार जमीन की बिक्री करने वाले व्यक्ति से संपर्क किया लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि प्लाटर ने जिस रास्ते को सार्वजनिक रास्ता दिखाकर उन्हें जमीन की बिक्री की थी उसके मालिक ने रास्ते को बंद कर दिया है। इससे उनके सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। अभी तक उसके द्वारा नाली तक का निर्माण नहीं कराया गया है। जिससे घरों से निकलने वाला पानी जगह-जगह जाम है। रास्ता बंद होने से आवागमन दूभर हो गया है। हालत यह है कि स्कूल जाने वाले बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। अगर किसी बुजुर्ग की तबियत खराब हो जाए तो उसे अस्पताल पहुंचाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इसको लेकर हमने कई बार प्लाटर से बात की उसने रास्ता निकालने का आश्वासन दिया लेकिन कई साल बीत गए अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके कारण मजबूर होकर हमें अपने घरों पर बिकाऊ का पोस्टर लगाना पडरा है। हमारी प्रशासन से मांग है कि वह इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें। प्लाटर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हमारे आवागमन की व्यवस्था करे। मुहल्ले के सुनील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस कालोनी कोई 10 तो कोई 25 साल से निवास कर रहा है। अब तक प्लाटर ने कालोनी से पानी के निकास की व्यवस्था तक नहीं की है। रामनाथ ने कहा कि रास्ता बंद होने के बाद युवा तो किसी तरह से निकल जाते हैं लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी हम बुजुर्गों को होती है। हम एक तरफ से दूसरी तरफ नहीं जा पाते हैं। ममता और अर्चना ने कहा कि हमारे बच्चे रास्ता बंद होने के कारण स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं। इसके कारण हम लोगों ने यह निर्णय लिया है।
