गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। प्रदेश के कुछ जिलों में पटाखे को लेकर हुई घटनाओं के दृष्टिगत आगामी दीपावली पर्व को लेकर जनपद आजमगढ़ का प्रशासन सख्त हो गया है जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित आतिशबाजी के लाइसेंसी दुकानों की जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर SDM तथा CO के नेतृत्व में 8 टीमों का गठन कर पटाखों के विनिर्माण, भण्डारण एवं विक्रय की जाँच करायी जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा यह भी अपील की गई की यदि किसी स्थान पर बिना लाइसेंस या आबादी के मध्य पटाखों का विनिर्माण, भण्डारण एवं विक्रय किया जाना संज्ञानित हो तो तत्काल जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के कन्ट्रोल रूम में मो. 9454417172 पर सूचित करें। प्रकरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाये जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। एडीएम प्रशासन ने बताया कि उत्तर प्रदेश के शासन के निर्देश क्रम में जिले के उप जिलाधिकारी तथा क्षेत्राधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित करते हुए पटाखे जो जनपद में स्थाई लाइसेंसी जारी किये गये और जो पूर्व में निरस्त किये गये उनकी जांच कराई जा रही है। इस मामले में जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर 8 टीमों का गठन किया गया है। जिसमें इन टीमों की अध्यक्षता जिले के विभिन्न 8 तहसीलों के उप जिला मजिस्ट्रेट कर रहे हैं, उनके साथ सीओ और थानाध्यक्षों को लगाया गया है। इन जांचों में कहीं भी बिना लाइसेंस के अगर किसी के द्वारा पटाखे का निर्माण, भंडारण या विक्रय किया जाता है। तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी। जो कानूनी कार्रवाई विस्फोटक अधिनियम या भारतीय संहिता में धारा दी गई हैं, उसके तहत विधिक व सख्त कार्रवाई की जायेगी।
