

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसी बीच लालगंज में मिठाई कारोबार की स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। एसडीएम नेहा मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ कई मिठाई की दुकानों पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान दुकानों में गंदगी, मिठाइयों पर निर्माण और बेस्ट बिफोर की तारीख का विवरण न होना तथा कर्मचारियों का बिना कैप और ग्लव्स के मिठाई तैयार करना जैसी कमियां मिलीं। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार दुकान छोड़कर भागते नजर आए।दीपावली से पहले आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसडीएम नेहा मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी और अपनी टीम के साथ गुरु कृपा मिष्ठान भंडार, मधुराज स्वीट्स और राजनंदनी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मिठाई बनाने की जगह, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और कर्मचारियों की कार्यशैली की जांच की। निरीक्षण में कई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई।जांच के दौरान गुरु कृपा मिष्ठान भंडार में रखे बेसन के घोल और शीरे को टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके साथ ही खोया, बेसन और दूध से तैयार मिठाइयों के नमूने भी संग्रहित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए आगरा स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी।निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और कर्मचारियों की सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़ी कमियां मिलने पर संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।त्योहार के मौसम में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है। ग्राहकों को मिठाई की निर्माण तिथि, बेस्ट बिफोर और गुणवत्ता की जानकारी मिलनी चाहिए। लालगंज में एसडीएम की इस औचक कार्रवाई ने मिठाई कारोबारियों में हलचल पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद दुकानदार अपनी व्यवस्थाओं में कितना सुधार करते हैं।
