

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत व्यापक जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात व मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने संभाली यातायात व्यवस्थाअभियान के तहत महिला पुलिस आरक्षियों और एनसीसी की महिला कैडेट्स ने कलेक्ट्रेट चौराहा, अग्रसेन चौराहा सहित प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभाली। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस पहल के जरिए महिला सशक्तिकरण के साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।26 थानों में 92 जागरूकता कार्यक्रमजनपद के सभी 26 थानों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कुल 52 ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों में 2,264 महिलाएं एवं बालिकाएं और 945 पुरुषों सहित कुल 3,209 लोगों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 181, 112, 102 और 108 के बारे में जागरूक किया गया। कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित पॉश (POSH) अधिनियम, 2013 की जानकारी भी दी गई।स्टंटबाजी करने वाले 58 वाहनों का चालानमिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता के साथ-साथ पुलिस ने प्रवर्तन की कार्रवाई भी की। सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वाले 58 वाहनों का चालान किया गया। एंटी रोमियो स्क्वाड ने 72 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 1,019 व्यक्तियों की जांच की और 85 लोगों को चेतावनी दी। इसके अतिरिक्त 266 निजी टैक्सी एवं अन्य वाहनों की जांच कर उनका सत्यापन किया गया।अभियान के दौरान जागरूकता के लिए 1,387 मुद्रित सामग्री वितरित की गईं, जबकि 20 ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी के माध्यम से भी जानकारी साझा की गई।आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और महिला सुरक्षा, सम्मान तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की।
