

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में जनपद स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के कुल 536 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 534 जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह हुआ, जबकि दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की। योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता निर्धारित है, जिसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था पर व्यय किए जाते हैं। पहले यह सहायता राशि 51 हजार रुपये थी।जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में 11 विकास खण्डों एवं नगरीय क्षेत्रों के लाभार्थियों का विवाह कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग देना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों से द्वितीय चरण के सामूहिक विवाह के लिए समय से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की। इच्छुक पात्र वर-वधू योजना के आधिकारिक पोर्टल www.cmsvy.upsdc.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।
