
गौरव श्रीवास्तव,अज़मगढ़। पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जीयनपुर क्षेत्र में इंस्टाग्राम की फेक आईडी बनाकर महिला का फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपितों को तकनीकी जांच के आधार पर पकड़ा गया।थाना जीयनपुर क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर उसका फोटो व वीडियो वायरल कर दिया है। इतना ही नहीं, आरोपी उसके परिजनों और परिचितों को भी उक्त फेक अकाउंट से कॉल और फोटो भेजकर परेशान कर रहा था।तहरीर के आधार पर थाना जीयनपुर में मुकदमा सुसंगत धाराओं के तहत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना में पुलिस जुट गई।साइबर अपराध की रोकथाम हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व यातायात विवेक त्रिपाठी, तथा क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल रानी की सराय व जीयनपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सतत प्रयासों के बाद दो अभियुक्तों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों मेंअभिषेक गिरि, पुत्र चन्द्रमा गिरि और आशीष गिरि, पुत्र विकायल गिरि निवासीगण भुवना बुजुर्ग, थाना जीयनपुर, जनपद आज़मगढ़ शामिल हैं। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि दोनों अभियुक्त फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर महिला की फोटो और वीडियो वायरल करने में शामिल थे।
