



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना कन्धरापुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी युवक को रेलवे में टी.टी. की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ठग लिए थे।पुलिस के अनुसार, ग्राम इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव ने थाना कन्धरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को टी.टी. पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर वाराणसी निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक ने लाखों रुपये ले लिए। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने फर्जी टी.टी. आईडी कार्ड भी तैयार कर दिया था।जब पीड़ित पक्ष ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। मामले में थाना कन्धरापुर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।शुक्रवार सुबह उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया मय पुलिस टीम ने अभियुक्त अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।गिरफ्तार अभियुक्त वाराणसी के कमला नगर कॉलोनी, थाना लालपुर पाण्डेयपुर का निवासी बताया गया है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसा देने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच अवश्य कर लें।
