श्याम भजनों से गूंजा अग्रसेन महिला महाविद्यालय, देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। नगर स्थित श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय के प्रांगण में रविवार की रात श्री कृष्ण जी श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़ की ओर से ‘श्री श्याम अमृत महोत्सव’ एवं विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्याम बाबा का आकर्षक दरबार सजाया गया, जिसके दर्शन और भजन संध्या में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान आशीष गोयल ने सपरिवार अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मंडल के सदस्यों हिमांशु अग्रवाल, मानस अग्रवाल और अक्षत अग्रवाल ने पंचदेव वंदना एवं गणेश वंदना के साथ कीर्तन का शुभारंभ किया। स्थानीय भजन गायकों अंश गोयल, अमन अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, दीपक अकुड़िया और ओम प्रकाश अग्रवाल ‘लड्डू जी’ ने भी भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कटिहार से आए प्रसिद्ध भजन प्रवाहक आदर्श दधीच रहे। उनके मंच संभालते ही पूरा पंडाल ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज उठा। उन्होंने श्याम बाबा के लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक नाचते-झूमते रहे।भजन संध्या में महिलाओं और युवाओं की विशेष भागीदारी रही। सभागार और परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। भीड़ अधिक होने के कारण सैकड़ों श्रद्धालुओं ने परिसर के बाहर खड़े होकर भजनों का आनंद लिया।कार्यक्रम के समापन पर श्याम बाबा की महाआरती की गई और छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम की सफलता में मंडल के सभी सदस्यों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *