

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पासपोर्ट बनवाने में कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर दोबारा पासपोर्ट बनवाने के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में मेंहनगर और कंधरापुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दोनों आरोपियों को पकड़ा।मेंहनगर पुलिस के अनुसार, मोहम्मद आसिफ पुत्र अफजाल अहमद उर्फ मोहम्मद अफजल, निवासी हरिवंश नगर, कस्बा मेंहनगर, पर आरोप है कि उसने पहले से जारी पासपोर्ट के तथ्यों को छिपाते हुए जन्मतिथि, पिता का नाम और पता में अलग-अलग विवरण दर्ज कराकर दोबारा पासपोर्ट बनवाया। आरोपी को 29 सितंबर को लखराव पोखरा के पास से करीब 11 बजे गिरफ्तार किया गया।वहीं, कंधरापुर पुलिस ने खुन्नू पुत्र पुरसोत्तम, निवासी गौरी नरायनपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले जारी पासपोर्ट में दर्ज जन्मतिथि से अलग जन्मतिथि दर्शाकर फ्रेश कैटेगरी में पासपोर्ट बनवाने के लिए कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। उसे मोतीगंज बाजार से करीब 150 मीटर आगे नरायनपुर मार्ग से सुबह करीब 10:28 बजे गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने दोनों मामलों में पासपोर्ट अधिनियम और कूटरचना व धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
