
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़/लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के बजट को लेकर समाजवादी पार्टी ने कड़ा हमला बोला है। सपा प्रवक्ता अशोक यादव ने योगी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरकार ने बजट को ऐतिहासिक और प्रदेश के हर वर्ग के सपनों को पूरा करने वाला बताया, लेकिन वास्तविकता इससे अलग है।उन्होंने कहा कि 20 फरवरी 2025 को पेश किया गया बजट 8 लाख 65 हजार करोड़ रुपये का था, लेकिन कुल बजट का मात्र 54.42 प्रतिशत ही आवंटित हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पिछले बजट में कई बड़े वादे किए थे, जो अब तक पूरे नहीं हुए हैं।सपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने 12वीं पास उन छात्राओं को स्कूटी देने का वादा किया था, जो जिले और प्रदेश में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करेंगी, लेकिन अब तक किसी भी छात्रा को स्कूटी नहीं दी गई। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने, होमगार्ड और चौकीदारों को मुफ्त बीमा देने तथा लखनऊ में एआई सिटी बनाने जैसे वादे भी अधूरे पड़े हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यूपी में चार नए एक्सप्रेसवे बनाने की घोषणा की गई थी, लेकिन उन चार में से किसी एक एक्सप्रेसवे का डीपीआर तक तैयार नहीं हो सका है।अशोक यादव ने कहा कि सरकार लगातार नए चुनावी वादे कर रही है, जबकि पुराने वादों को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिकी कृषि उत्पादों के भारत में आने से यूपी के किसानों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव से बचाने के लिए बजट में क्या प्रावधान किया गया है।सपा प्रवक्ता ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट सिर्फ सपने दिखाने वाला और झूठे वादों का पिटारा साबित हो रहा है।
